पत्नी के साथ बिल्डर शाश्वत गर्ग के गायब होने के बाद दोनों राज्यों की पुलिस अलग-अलग जांच कर रही है। हापुड़ पुलिस उसकी गुमशुदगी और यहां देहरादून पुलिस धोखाधड़ी की प्राथमिकी में जांच कर रही है। अब एक अंदेशा यह भी जताया जा रहा है कि बिल्डर पत्नी को लेकर विदेश भाग गया है। ऐसे में अब जांच आगे बढ़ी तो उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया को भी अमल में लाया जा सकता है।
बिल्डर शाश्वत गर्ग परिवार समेत गायब हुए डेढ़ महीने से भी ज्यादा का समय हो चुका है। इसकी गुमशुदगी गर्ग के ससुराल वालों ने हापुड़ में दर्ज कराई। जांच हुई तो पला चला कि गर्ग और उसके परिवार की कार हरिद्वार तक ही आई थी। अब उसके खिलाफ देहरादून में भी प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है, जिसमें ससुराल पक्ष के लोग भी आरोपी हैं।
गर्ग के तमाम प्राजेक्ट अब खटाई में पड़ गए हैं। अब तक की जांच पड़ताल में इस बात से पुलिस भी इन्कार नहीं कर रही कि बिल्डर साजिशन खुद ही लापता हुआ है। करोड़ों की देनदारी के चलते उसने यह कदम उठाया या फिर लोगों को ठगने के इरादे से इसकी जांच की जा रही है।