उत्तरकाशी के केदारताल ट्रैक पर बड़ा रेस्क्यू अभियान: छह शव बरामद, अभी भी दो पर्वतारोहियों की तलाश जारी

केदारताल ट्रैक पर लापता पर्वतारोहियों की तलाश में चलाए जा रहे रेस्क्यू अभियान में बृहस्पतिवार को दो और शव बरामद हुए हैं। इसके साथ ही हादसे में मृत मिले पर्वतारोहियों की संख्या छह हो गई है। निम और एसडीआरएफ की टीम ने ट्रैक पर खोजबीन के दौरान दोनों शव बरामद किए।

एयर टर्बुलेंस के कारण हेलिकॉप्टर से शवों को नीचे नहीं लाया जा सका। अब शुक्रवार को हेलीकॉप्टर के माध्यम से दोनों शवों को मातली हेलीपैड लाने की तैयारी है। इससे पहले बुधवार तक चार पर्वतारोहियों के शव बरामद किए जा चुके थे। इनमें लखनऊ निवासी सगी बहनें दीपिका वर्मा और वर्तिका वर्मा भी शामिल थीं।
अन्य दो शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। गत बुधवार को मौसम खराब होने के कारण खोजबीन अभियान प्रभावित रहा। बृहस्पतिवार को एनआईएम और एसडीआरएफ की टीम ने अभियान आगे बढ़ाया और दो अन्य लापता पर्वतारोहियों के शव खोज निकाले।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं ने बताया कि बृहस्पतिवार को दो और शव बरामद किए गए हैं। एयर टर्बुलेंस के चलते हेलिकॉप्टर से शवों को नीचे नहीं लाया जा सका। शुक्रवार को हेलिकॉप्टर के माध्यम से दोनों शवों को नीचे लाने का प्रयास किया जाएगा। अभी भी दो पर्वतारोहियों लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *