टाइगर श्रॉफ कार फायरिंग मामला: उत्तर प्रदेश तक पहुंचा हथियारों का नेटवर्क, सीतापुर और आजमगढ़ की युवतियों समेत चार गिरफ्तार

अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई में हुई फायरिंग की घटना की जांच में हथियारों की आपूर्ति करने वाले कथित नेटवर्क की कड़ियां उत्तर प्रदेश तक पहुंची हैं।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की एनडीआर टीम ने इस मामले में सीतापुर और आजमगढ़ की रहने वाली दो युवतियों समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, हरियाणा के सोनीपत निवासी कुनाल ने अमृतसर से पिस्टल और 20 कारतूस जुटाए थे। इसके बाद सीतापुर निवासी राधा और आजमगढ़ निवासी बबीता के जरिये हथियार मुंबई पहुंचाया गया।

18 अक्टूबर की शाम एक्टर की कार पर हुई थी फायरिंग

आरोप है कि इस पूरी गतिविधि के दौरान कुनाल एन्क्रिप्टेड एप के माध्यम से अनिल पंडित के संपर्क में था और उसके निर्देशों पर काम कर रहा था। मुंबई में 18 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई थी। इसके बाद कथित तौर पर शूटरों के मुंबई में फंसने की सूचना मिलने पर कुनाल से उनके निकलने की व्यवस्था करने को कहा गया था।

गिरफ्तार आरोपितों में सोनीपत निवासी कुनाल (21) और सुमित (19) के अलावा सीतापुर के मिश्रिख थाना क्षेत्र के नहवइया निवासी राधा (23) और आजमगढ़ के कोठियार निवासी बबीता (23) शामिल हैं। पुलिस ने चारों को 20 अक्टूबर को गिरफ्तार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *