टिहरी जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर पुल के पास मंगलवार तड़के हरिद्वार से जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की यात्री बस अनियंत्रित होकर पुल से 100 मीटर नीचे नदी में गिर गई। हादसे में बस चालक और परिचालक समेत नौ लोगों की मौत हो गई है। 25 यात्री घायल हैं।
बस हादसे में जान गंवाने और घायल होने वालों में अधिकांश दूसरे राज्यों के निवासी हैं। कोई छठ पूजा तो कोई दिवाली मनाकर रोजी-रोटी के लिए अपने कार्यस्थल लौट रहा था। रास्ते में हुए हादसे ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं। बस में बिहार और झारखंड के मजदूर भी सवार थे जो काम की तलाश में पहाड़ की ओर जा रहे थे।
झारखंड के दुमका निवासी बुद्धन मुर्मु और अर्जुन सोरेन ने बताया कि वे जोशीमठ के तपोवन क्षेत्र में मजदूरी करने जा रहे थे। गांव का ही एक व्यक्ति उन्हें ग्रेफ में काम दिलाने के लिए ले जा रहा था। बुद्धन मुर्मु के मुताबिक, बस काफी तेज गति से चल रही थी और मोड़ों पर लगातार झटके लग रहे थे। वह पहली बार पहाड़ आए थे इसलिए उन्हें लगा कि पहाड़ी रास्तों पर बसें इसी तरह चलती हैं। इसी सोच के कारण उन्होंने चालक से कुछ नहीं कहा।
बता दें कि मंगलवार सुबह करीब 4:50 बजे थाना मुनिकीरेती को चौकी गूलर के माध्यम से बस दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती, थाना नरेंद्रनगर, फायर सर्विस नरेंद्रनगर, आपदा राहत दल और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। वहीं, शिवपुरी स्थित आईटीबीपी कैंप से जवान भी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान में सहयोग किया। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए 108 एंबुलेंस के साथ ही स्थानीय अस्पतालों, एलएंडटी और नवयुगा कंपनी की एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया। जवानों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए अभियान चलाया। घायलों को स्ट्रेचर के माध्यम से सड़क तक पहुंचाया गया जहां से एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।