रुड़की: लॉ कॉलेज परिसर में हादसा, PAC प्लाटून के ठहराव के दौरान ढही इमारत; जवान को निकालने की कोशिश

रुड़की के कलियर क्षेत्र के धनौरी में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां अमृत लॉ कॉलेज की इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय कॉलेज परिसर में पीएसी की एक प्लाटून ठहरी हुई थी। बिल्डिंग का हिस्सा गिरने से एक पीएसी जवान के मलबे में दबे होने की सूचना है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और मलबा हटाने में जुट गए। पुलिस और प्रशासन को भी घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मलबे में दबे जवान को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

बाथरूम की ओर का हिस्सा ढहा

बताया जा रहा है कि इमारत का वह हिस्सा बाथरूम की ओर बना हुआ था। अचानक हुए इस हादसे से वहां मौजूद अन्य पीएसी जवानों में भी अफरा-तफरी मच गई। मलबे में जवान के दबे होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस कर रही रेस्क्यू

पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया। जवान को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू जारी है।

फिलहाल हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। इमारत का हिस्सा अचानक किस वजह से गिरा, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर स्थिति का जायजा ले रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *