नैनीताल से टिकट चाहते थे दिनेश आर्य, भाजपा ने बनाया राज्यसभा उम्मीदवार; जताया सीएम धामी का आभार
उत्तराखंड की राज्यसभा सीट से भाजपा के दिनेश आर्य राज्यसभा जाएंगे। दिनेश आर्य ने खुद खुलासा किया है कि वो नैनीताल सीट के लिए उम्मीदवारी चाह रहे थे।
बृजेंद्र मेहता, हल्द्वानी
उत्तराखंड में खाली हो रही राज्यसभा सीट से भाजपा के दिनेश आर्य राज्यसभा जाएंगे। भाजपा पार्लियामेंट्री बोर्ड की ओर से राज्यसभा प्रत्याशी के रूप में उनके नाम पर मुहर लगाई गई है। दिनेश आर्य लंबे समय तक सीएम पुष्कर सिंह धामी के जनसंपर्क अधिकारी रहे हैं। उनके टिकट फाइनल के पीछे धामी की पैरवी बताई जा रही है।
राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष दिनेश आर्य ने ‘हिन्दुस्तान’ से बातचीत में कहा कि वह पार्टी से नैनीताल विधानसभा सीट से टिकट की उम्मीद लगाकर लगातार क्षेत्र में मेहनत कर रहे थे। उन्हें भी सोशल मीडिया के माध्यम से राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने की सूचना मिली।
आर्य ने केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया हुए कहा कि ऐसा चमत्कार सिर्फ भाजपा में ही संभव हो सकता है और किसी पार्टी में नहीं। आर्य राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने की सूचना पुष्ट होने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री पुष्कर धामी का आभार जताने खटीमा के लिए रवाना हो गए।
आर्य का राजनीति सफर
1985 : विद्यार्थी परिषद से राजनीतिक सफर की शुरुआत
2007-10: भाजपा जिलाध्यक्ष रहे।
2017-20: भाजपा अनुसूचित मोर्चा राष्ट्रीय मंत्री
2021: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनसंपर्क अधिकारी रहे
2023: राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष बने











