भागीरथी गधेरे में नवजात का शव मिलने से मचा हड़कंप, सीसीटीवी कैमरों की मदद से सुराग तलाश रही पुलिस

नगर के कांडा रोड स्थित मीट बाजार के समीप भागीरथी गधेरे में शुक्रवार सुबह एक नवजात का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह नगरपालिका के पर्यावरण मित्र क्षेत्र में सफाई कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर गधेरे में पड़े एक नवजात के शव पर पड़ी।

पर्यावरण मित्रों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय लोगों और कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार शव पुरुष नवजात का है।
प्रथम दृष्टया नवजात के मृत पैदा होने के लक्षण प्रतीत हो रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गधेरे में नवजात का शव किसने और किन परिस्थितियों में फेंका, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर सुराग जुटाने में लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *