खराब सड़कों पर सीएम धामी की पैनी नजर: 15 अक्टूबर के बाद सड़क मार्ग से यात्रा कर करेंगे निरीक्षण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 15 अक्तूबर के बाद स्वयं सड़क मार्ग से यात्रा कर गड्ढा मुक्त सड़कों की हकीकत देखेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के कारण सड़कों पर हुए गड्ढों को जल्द भरा जाए।

सोमवार को सचिवालय में समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और सुधारीकरण के कार्यों में तेजी लाई जाए। जिलाधिकारी भी अपने-अपने जिलों में सड़कों की स्थिति की नियमित समीक्षा करें और संबंधित विभागों व कार्यदायी संस्थाओं के कार्यों की प्रभावी मॉनीटरिंग सुनिश्चित करें। सड़क निर्माण व मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।मुख्यमंत्री ने जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तीसरे चरण को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। जनसमस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए। इन शिविरों का उद्देश्य शासन और प्रशासन को जनता के और निकट लाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना है।मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर निर्देश दिए कि प्रस्तावित कार्यक्रमों का प्रभावी तरीके से क्रियान्वयन किया जाए। जनसेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण को केंद्र में रखते हुए अधिक से अधिक लोगों को सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए।
रोगों की रोकथाम के उपाय सुनिश्चित करें
मुख्यमंत्री ने स्वाइन फ्लू सहित विभिन्न संक्रामक व जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारियों को अस्पतालों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, आवश्यक दवाइयों व अन्य चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता का जायजा लेने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याण से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए। बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, एल.फैनई, डॉ.आर मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख वन संरक्षक हॉफ कपिल लाल समेत कई आला अफसर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *