स्मार्ट मीटर ने बिजली चोरी की कोशिश नाकाम, चोरों को पुलिस ने धर दबोचा
1 min read
रुड़की के गुरुकुल नारसन में मीटर में छेड़छाड़ इसलिए पकड़ में आई क्योंकि बिजलीघर में लगा वह स्मार्ट मीटर था। यूपीसीएल प्रबंधन के मुताबिक, जैसे ही चोरों ने इस मीटर की सील हटाने की कोशिश की तो तुरंत मीटर की स्क्रीन पर अलर्ट के साथ ही कंट्रोल रूम तक उसकी रिपोर्ट पहुंच गई। इससे घबराकर भागे चोरों को पुलिस ने पकड़ लिया।
दरअसल, तीन दिन पहले गुरुकुल नारसन स्थित 33 केवी सब स्टेशन में रात करीब एक बजे चार लोग भीतर घुसे। उन्होंने वासू स्टील फैक्टरी के मीटर में छेड़छाड़ शुरू की। यह स्मार्ट मीटर था। यूपीसीएल के निदेशक परिचालन एमआर आर्य ने बताया कि जैसे ही उन्होंने मीटर की सील हटाने का प्रयत्न किया तो मीटर की स्क्रीन पर उसका अलर्ट आ गया। साथ ही उनके कंट्रोल रूम में भी इसका मैसेज आ गया। मीटर की स्क्रीन को देखकर अचानक चोर घबरा गए। वे भागने लगे तो संदिग्ध गतिविधि देखकर पुलिस ने रोक लिया। पूछताछ में उन्होंने बिजली मीटर में चोरी के लिए छेड़छाड़ की बात स्वीकारी, जिसके बाद मुकदमा दर्ज हुआ।
निदेशक आर्य ने बताया कि स्मार्ट मीटर अत्याधुनिक तकनीकी से लैस है। जैसे ही इसका कोई ढक्कन भी खोलने का प्रयास करेगा तो न केवल मीटर पर अलर्ट दिखेगा बल्कि यूपीसीएल के कंट्रोल रूम तक इसका पूरा रिकॉर्ड आ जाता है। किसी मीटर में कोई कितनी छेड़छाड़ कर रहा है, उसका रिकॉर्ड 10 साल तक निगम के पास सुरक्षित रहता है।
